शादी समारोहों में मेहमानों की सेहत से खिलवाड़ नहीं चलेगा, बिना लाइसेंस कारोबार पर रोक
भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। शादियों का सीजन शुरू होते ही भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मैरिज गार्डन, होटल के बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ा दी है। आगामी दो से तीन महीने तक विवाह आयोजनों की अधिकता को देखते हुए विभाग की टीमें औचक निरीक्षण करेंगी। बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनका संचालन भी बंद कराया जा सकता है।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैयार भोजन के नमूने लेने के साथ ही खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री, उसकी एक्सपायरी डेट और रसोई की साफ-सफाई की भी जांच करेंगे। मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग संचालकों के लिए वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस रखना और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन या बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार पाए जाने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इसी क्रम में गत दिवस विभागीय टीम ने कोलार रोड स्थित बैरागढ़ चीचली के आम्र पैलेस का निरीक्षण किया। यहां बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग का संचालन पाया गया। बिलों और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान वर्ष 2025 से खाद्य कारोबार कर रहा था, लेकिन उसके पास वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं था। प्रतिष्ठान के पास गुमास्ता और जीएसटी पंजीयन तो मिले, लेकिन खाद्य कारोबार के लिए अनिवार्य लाइसेंस नहीं मिला। इसके अलावा कैंटीन और रसोई में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं थी तथा भंडार में रखे ब्रेड और पाव की उपयोग अवधि भी समाप्त हो चुकी थी।
निरीक्षण के दौरान परिसर में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। टीम ने मेहमानों को परोसे जाने वाले भोजन में शामिल पनीर और गुलाब जामुन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की अनियमितताएं मिलने पर बेसन और धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। साथ ही संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

