home page

पीताम्बरा पीठ के दान की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित, सात दिन में देनी होगी रिपोर्ट

 | 
पीताम्बरा पीठ के दान की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित, सात दिन में देनी होगी रिपोर्ट


आगरमालवा, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्वसिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर में दान और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर सामने आई शिकायतों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया है। मंदिर में दान संग्रह और वित्तीय लेन-देन में कथित अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

कलेक्टर प्रीति यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में जिला कोषालय अधिकारी मनीष सोलंकी तथा नलखेड़ा नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल को सदस्य नियुक्त किया गया है।

शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि मंदिर परिसर में शासकीय प्रबंधन समिति से अलग एक गैर-शासकीय समिति श्रद्धालुओं से नगद राशि तथा स्वर्ण-रजत आभूषणों के रूप में दान प्राप्त कर रही थी। साथ ही निजी बैंक खातों के उपयोग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

जांच समिति यह पता लगाएगी कि क्या मंदिर परिसर में किसी अपंजीकृत अथवा गैर-शासकीय संस्था द्वारा समानांतर रूप से दान और चढ़ावा संग्रह की व्यवस्था संचालित की जा रही थी। इसके अलावा रसीद पुस्तिकाओं, बैंक खातों और अन्य अभिलेखों की जांच कर प्राप्त नगद राशि, स्वर्ण एवं रजत आभूषणों का सत्यापन किया जाएगा। समिति वित्तीय लेखा-जोखा का परीक्षण करने के साथ यह भी जांच करेगी कि मामले में किसी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, मंदिर प्रबंधन या अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका अथवा जवाबदेही बनती है या नहीं।

प्रशासन ने जांच दल को तत्काल मंदिर परिसर का निरीक्षण करने, संबंधित अभिलेखों की जांच, पक्षकारों के बयान दर्ज करने तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं। समिति अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट, अभिमत और अनुशंसाओं सहित सात दिनों के भीतर कलेक्टर को प्रस्तुत करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा