home page

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ आम आदमी पार्टी का भोपाल में विरोध प्रदर्शन

 | 
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ आम आदमी पार्टी का भोपाल में विरोध प्रदर्शन


भोपाल, 06 मई (हि.स.)। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की वृद्धि के खिलाफ आम आदमी पार्टी की भोपाल जिला इकाई ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार से इस बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

जिला अध्यक्ष हरीश पाठक ने कहा कि यह वृद्धि पूरी तरह अन्यायपूर्ण है और इससे छोटे व्यापारियों, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मिन्हाज आलम ने कहा कि चुनावों के बाद कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में अचानक की गई यह बढ़ोतरी सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करती है। उन्होंने दावा किया कि इससे बेरोजगारी बढ़ेगी और कई छोटे होटल व व्यवसाय बंद होने की कगार पर पहुंच जाएंगे।

शादी-ब्याह और आम कारोबार पर असर

आम आदमी पार्टी नेताओं ने कहा कि वर्तमान में विवाह सीजन चल रहा है, ऐसे में बड़े आयोजनों की लागत में भी भारी वृद्धि होगी। अनुमान के अनुसार 500 लोगों के भोजन पर लगभग 50,000 रुपये तक अतिरिक्त खर्च बढ़ सकता है, जिससे आम परिवारों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ेगा। पार्टी ने बताया कि 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इससे पहले भी 195.50 रुपये की वृद्धि की गई थी, और अब कुल मिलाकर यह बढ़ोतरी लगभग 47.8 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

सप्लाई और बाजार व्यवस्था पर भी चिंता

प्रदर्शन में यह भी कहा गया कि एलपीजी की आपूर्ति को लेकर पहले से ही शिकायतें हैं। समय पर सिलेंडर न मिलने और ब्लैक मार्केटिंग की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ाए जाने के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। वर्तमान बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 3,071 रुपये और रीवा में 3,300 रुपये से अधिक कीमत पर पहुंच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे