home page

राजगढ़ः कलेक्टर कार्यालय के सामने पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पति-जेठ पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
राजगढ़ः कलेक्टर कार्यालय के सामने पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पति-जेठ पर लगाए गंभीर आरोप


राजगढ़, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया,जब एक महिला कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित नगरपालिका की पानी की टंकी पर चढ़ गई।

हाथ में आवेदन लिए महिला टंकी के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई और नीचे मौजूद अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगी। तेज धूप में महिला अपनी शिकायत सुनाने के लिए लगातार आवाज लगाती रही, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला ने टंकी पर खड़े होकर अपने पति, जेठ और देवर पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना था कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।

महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे अनुचित दबाव में रखता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। उसने कहा कि उसके साथ अन्याय हुआ है और इसी कारण वह अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाने को मजबूर हुई। महिला का आरोप है कि वह कई बार शिकायत लेकर थाने पहुंची, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसने पुलिस पर भी मामले की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और नगरपालिका का अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने काफी देर तक महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले समझाइश के बाद अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद महिला टंकी से नीचे उतरने के लिए राजी हुई। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक