भोपालः नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल कॉम्प्लेक्स में 25 जुलाई से 6 अगस्त तक होगी अग्निवीर सेना भर्ती रैली
- कलेक्टर मिश्रा के निर्देशन में तैयारियों की समीक्षा, अभ्यर्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.) । जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में शुक्रवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आगामी अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों के संबंध में समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह भर्ती रैली 25 जुलाई से 6 अगस्त तक नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी।
बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे एवं सेना भर्ती कार्यालय (ARO) के भर्ती निदेशक कर्नल जयशंकर सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे ने भर्ती रैली के महत्व और संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा का संकल्प लेकर आने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर कवचे ने आयोजन स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन को शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अस्थायी विश्राम व्यवस्था, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस, सुगम यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को परिसर में व्यापक साफ-सफाई एवं पर्याप्त चलित शौचालयों की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया।
सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) के भर्ती निदेशक कर्नल जयशंकर सिंह ने बैठक में भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं एवं सेना की आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और सेना के बेहतर तालमेल से भर्ती रैली पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को माइक्रो प्लान के अनुरूप त्वरित गति से तैयारियां पूर्ण करने तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

