home page

राजगढ़ः कलेक्टर ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की, 2.21 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

 | 
राजगढ़ः कलेक्टर ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की, 2.21 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य


राजगढ़, 28 जून(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय से हुआ। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से असुरक्षित न रहे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के पहले दिन जिले में बनाए गए 1146 पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 2 लाख 21 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी बूथों पर वैक्सीन और आवश्यक सामग्री पहले से उपलब्ध करा दी गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने बताया कि यह अभियान 28 से 30 जून तक चलेगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शेख जलालुदीन ने बताया कि अभियान के दौरान त्वरित सहायता और शिकायतों के निराकरण के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। सूचना मिलते ही संबंधित स्वास्थ्य दल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दो बूंद जिंदगी की अभियान में सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक