home page

अनूपपुर: 'बावड़ी उत्सव' के तहत हुआ सामूहिक श्रमदान, पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने का लिया संकल्प

 | 
अनूपपुर: 'बावड़ी उत्सव' के तहत हुआ सामूहिक श्रमदान, पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने का लिया संकल्प


अनूपपुर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी विकासखंड के ग्राम बैहार के सेक्टर क्रमांक 03 में शुक्रवार को 'जल स्रोत सेवा समागम' के अंतर्गत बावड़ी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

बैहार पहाड़ी के नीचे ग्राम पंचायत के समीप स्थित इस प्राकृतिक व बारहमासी बावड़ी नुमा जल स्रोत को पुनर्जीवित करने के लिए स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और ग्रामीणों ने मिलकर सामूहिक श्रमदान किया। यह वृहद स्वच्छता अभियान नवांकुर संस्था 'ह्यूमैनिटी केयर फैमिली वेलफेयर एंड हेल्थ सोसायटी' के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार जिले भर में 30 मार्च से 30 जून तक 'जल गंगा संवर्धन अभियान' का चलाया जा रहा है। आज जैतहरी विकासखंड के ग्राम बैहार के सेक्टर क्रमांक 03 में 'जल स्रोत सेवा समागम' के अंतर्गत बावड़ी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रमदान के दौरान ग्रामीणों और प्रस्फुटन समिति के सदस्यों ने मिलकर बावड़ी से भारी मात्रा में कचरा, जलकुंभी, प्लास्टिक के पाउच और गाद (मिट्टी) को बाहर निकाला, जिससे जल स्रोत का स्वरूप निखर उठा। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पांडेय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी प्राचीन और पारंपरिक बावड़ियां जल सुरक्षा का मुख्य आधार हैं, इनका संरक्षण ही जल संकट का स्थायी समाधान है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को पारंपरिक जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई रखने और जल संवर्धन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक फत्ते सिंह संस्था प्रमुख पुष्पेंद्र नामदेव, ग्राम विकास प्रस्फूटन समिति बैहार के अध्यक्ष श्याम सिंह, भेलमा समिति के अध्यक्ष राम सिंह सहित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं, स्थानीय मातृशक्तियों और ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला