home page

जबलपुरः नगर निगम के बेड़े में शामिल हुए 40 नए सीएनजी वाहन

 | 
जबलपुरः नगर निगम के बेड़े में शामिल हुए 40 नए सीएनजी वाहन


जबलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम जबलपुर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नगर निगम के वाहन बेड़े में 40 नए सीएनजी कचरा संग्रहण वाहनों को शामिल किया गया है। इन वाहनों के आने से शहर की डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़, त्वरित और प्रभावी बनेगी।

नगर निगम प्रांगण में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, निगम अध्यक्ष रिंकू विज, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित सभी एम.आई.सी. सदस्यों पार्षद गण ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन 40 सीएनजी वाहनों को रवाना किया।

पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का अनूठा संदेश देते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने स्वयं सीएनजी गाड़ी चलाकर शहरवासियों को स्वच्छता और सीएनजी ईंधन के उपयोग के प्रति जागरूक किया। महापौर का यह कदम कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खूब सराहा।

पर्यावरण और अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ

डोर-टू-डोर कलेक्शन में सुधार

नए वाहनों के शामिल होने से शहर के प्रत्येक वार्ड और गली-मोहल्ले में समय पर कचरा संग्रहण संभव हो सकेगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा। डीजल की भारी बचत पारंपरिक डीजल वाहनों के स्थान पर सीएनजी वाहनों के उपयोग से नगर निगम के ईंधन खर्च और डीजल की खपत में भारी कमी आएगी।

सीएनजी के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे शहर की आबोहवा साफ होगी और नागरिकों को शुद्ध हवा मिलेगी। नगर निगम प्रशासन का यह सकारात्मक प्रयास न केवल जबलपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि शहर को एक ग्रीन और इको-फ्रेंडली सिटी बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक