home page

मंदसौरः कैबिनेट बैठक के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव गांधी सागर पहुंचे

 | 


मंदसौर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम करीब 6 बजे मंदसौर जिले के गांधी सागर हेलीपैड पहुंचे। वे अपनी सरकार की 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक में हिस्सा लेने के लिए यहां आए हैं।

हेलीपैड पर सांसद सुधीर गुप्ता, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंद्रशेखर सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित समेत कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सीएम सुरक्षा के बीच हिंगलाज रिसॉर्ट के लिए रवाना हो गए। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री मंगलवार रात गांधी सागर टेंट सिटी में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम हिंगलाज रिसॉर्ट में ही होगा।

मुख्यमंत्री के गांधी सागर पहुंचने से ठीक पहले शामगढ़ में पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए एनएसयूआई के दो पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम शामगढ़ कृषि उपज मंडी में कांग्रेस नेता मनीष केजी की दुकान पर पहुंची और वहां से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मंथन धनोतिया और पूर्व जिलाध्यक्ष ऋतिक पटेल को अपने साथ ले गई। हालांकि, पुलिस ने उन्हें किस वजह से हिरासत में लिया है, इसका कारण अभी साफ नहीं हो पाया है।

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से स्पीड बोट में सवार होकर टेंट सिटी बोट क्लब पहुंचेंगे। यहां वे चंबल नदी की आरती और पूजन करेंगे। इसके बाद स्वागत कार्यक्रम होगा और सीएम मंदसौर जिले के खास नवाचार ह्यउद्यम से उपजह्ण के तहत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस दौरान पर्यटन विभाग के कई विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री डिजिटल कॉफी टेबल बुक, एआई आधारित इटीनरेरी और गांधी सागर के पर्यटन स्थलों से जुड़े ब्रोशर का विमोचन करेंगे। साथ ही कार्यक्रम में एक खास पर्यटन वीडियो भी दिखाया जाएगा।

कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। गांधी सागर की इस डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक में क्षेत्रीय विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और 11,474 करोड़ रुपए की पंप बिजली परियोजना से जुड़े मुद्दों पर खास फोकस रहने की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद सीएम मीडिया को संबोधित करेंगे और फिर दोपहर के भोजन के बाद गांधी सागर से रवाना हो जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया