home page

संगठन की ताकत से भाजपा बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

 | 
संगठन की ताकत से भाजपा बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


जबलपुर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार को आयोजित भाजपा की प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल होने के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की इसी शक्ति के कारण भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन पाई है।

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ता बेहद सक्रिय और समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की पावन गोद में बसे जबलपुर का नजारा जितना सुंदर है, उतनी ही मजबूत यहां की संगठनात्मक शक्ति भी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान उसके अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। पार्टी की विचारधारा, मजबूत संगठनात्मक ढांचा और कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भाजपा को देश ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी सक्रियता से ही संगठन लगातार विस्तार कर रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि इस तरह की प्रशिक्षण कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा देने का काम करती हैं। इन कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलती है, जिससे वे जनता के बीच और बेहतर तरीके से काम कर पाते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं के विकास और प्रशिक्षण को हमेशा प्राथमिकता देता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसी कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं, ताकि कार्यकर्ता संगठनात्मक कौशल के साथ-साथ नई चुनौतियों के लिए भी तैयार रह सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद हैं, जो विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इन सत्रों में पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और सरकार की उपलब्धियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

अंत में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही भाजपा लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में संगठन और अधिक विस्तार करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक