14 जून को केसली पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, कलेक्टर ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
सागर, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 जून को सागर जिले के केसली क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटेरिया, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंच, हेलीपैड, पेयजल, वीआईपी आवागमन तथा आमजन की बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से केसली के मंगल भवन में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों, सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। बैठक के दौरान कई ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों और कुछ विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर चिंता व्यक्त की गई। विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय और सूचना व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की जा रही है। विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले लगभग 161 गांवों के लिए 130 परिवहन प्वाइंट निर्धारित किए जाएंगे, जहां से ग्रामीणों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रदेश की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना के तहत हितग्राही महिलाओं के खातों में राशि अंतरण का कार्यक्रम भी आयोजित हो सकता है। इसे देखते हुए महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से घोषणा की कि विधानसभा क्षेत्र में कक्षा 12वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को उनके निजी व्यय से स्कूटी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री के हाथों इन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने की योजना है।
समीक्षा बैठक में मंडल अध्यक्ष रामलखन सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जनपद पंचायत केसली की सीईओ प्रतिष्ठा जैन, रमेश दुबे, सुधीर भाई, सरमन लोधी, सुखदेव अरेले, बीएमओ डॉ. मधुर जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

