दमोह: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तेंदूखेड़ा में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित
दमोह, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को तेंदूखेड़ा में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच भरोसा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारी स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं और लोगों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ले रहे हैं। इससे नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना जरूरी है। इसके लिए केवल कागजी जानकारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि अधिकारियों को मैदानी स्तर पर जाकर व्यवस्थाओं को देखना होगा। इसी उद्देश्य से अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण और जन-संवाद की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि आज जिले की 35 ग्राम पंचायतों में 70 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम को मैदानी निरीक्षण के लिए भेजा गया। प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो अधिकारियों की टीम ने पहुंचकर निर्धारित बिंदुओं के आधार पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निरीक्षण से संबंधित जानकारी दर्ज की।
टीमों ने ग्राम पंचायत कार्यालयों के अलावा शासकीय स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों तथा अन्य शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं को देखा। अधिकारियों ने संस्थानों के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान के दौरान किसी संस्था की केवल कमियां तलाशना उद्देश्य नहीं है। निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य यह पता लगाना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में किन सुविधाओं की जरूरत है, कौन सी व्यवस्थाएं बेहतर की जा सकती हैं और किन पात्र लोगों तक अभी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का विभागवार निराकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में नए विकास कार्यों की आवश्यकता महसूस होगी, उन्हें आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल किया जाएगा। किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि तेंदूखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम जिले का दूसरा जन विश्वास शिविर है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के अलग-अलग विकासखंडों में इस प्रकार के शिविर और मैदानी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिकारी जब उनके गांव में पहुंचें तो वे स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़ी जरूरतों की जानकारी खुलकर दें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होगी। इससे गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने और योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। शिक्षा, रोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से परिवारों की स्थिति में सुधार लाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान इसी व्यापक उद्देश्य का हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी द्वारा हितलाभ वितरित किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

