मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भोपाल में कुली भाईयों के साथ सुनी ‘मन की बात’
मुख्यमंत्री उज्जैन के महाकाल अन्न क्षेत्र में रहे मौजूद, हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल में दिव्यांगों को बांटे ट्राईसिकल व उपकरण
भोपाल/उज्जैन, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का रविवार को प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रवण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के महाकाल अन्न क्षेत्र में कुली भाइयों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल के अरेरा मंडल स्थित बूथ क्रमांक 176 पर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के कुलियों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम काे सुना।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे जनप्रयासों और सकारात्मक बदलावों को राष्ट्रीय मंच देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सेवा, सहभागिता और संकल्प की भावना को नई ऊर्जा देता है तथा नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में स्वच्छता, नदी संरक्षण, नशामुक्ति, पर्यावरण, पोषण, खेल प्रतिभाओं और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर जनभागीदारी के प्रयासों का उल्लेख किया।
दिव्यांगजनों को बांटे ट्राईसिकल और सहायक उपकरण
सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 174 स्थित सिंधु भवन सभागार में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार ट्राईसिकल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।
खंडेलवाल ने कहा कि दिव्यांगजन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जिस साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांगजनों को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग देने का प्रयास है।
‘मन की बात’ युवाओं को अपनी विरासत से जोड़ने का माध्यम
खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में नागरिकों द्वारा किए जा रहे छोटे-छोटे लेकिन उल्लेखनीय प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ पर्यावरण, स्वास्थ्य, रोजगार, पोषण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सिंहस्थ की तैयारियों पर बोले खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन को आगामी सिंहस्थ के लिए तैयार किया जा रहा है। सड़क, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए काम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों में सहयोग करते हुए कई नागरिक अपनी संपत्तियों से संबंधित आवश्यक हिस्से पीछे कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी अपनी पैतृक संपत्ति के आवश्यक हिस्से को हटाने के लिए स्वयं गैंती चलाकर पहल की है। उन्होंने सिंहस्थ की तैयारियों में सहयोग कर रहे उज्जैन के नागरिकों का आभार जताया।
उज्जैन में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया, उमेश नाथ महाराज एवं जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। वहीं, भोपाल के कार्यक्रमों में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

