मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को जयंती पर किया नमन
भाेपाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की आज शुक्रवार काे जयंती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को हुआ था। इस अवसर पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव ने भी दाेनाें महान विभूतियाें काे स्मरण कर विनम्र नमन किया है।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट कर महात्मा गांधी काे जयंती पर नमन करते हुए लिखा- सत्य एवं अहिंसा के संकल्प से मानवता व विश्व शांति को नई दिशा देने वाले राष्ट्रपिता, महात्मा गाँधी जी की जयंती पर कोटिशः नमन करता हूं। आप सभी को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्रपिता के विचार सत्य, शांति, स्वच्छता और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। आइए, बापू के आदर्शों को अपने आचरण में उतारकर समाज और राष्ट्र के कल्याण में योगदान दें।
एक अन्य संदेश के माध्यम से सीएम डाॅ. यादव ने लाल बहादुर शास्त्री काे जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ट्वीट कर लिखा -पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न, लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय है। ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों एवं अन्नदाताओं के योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

