home page

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 'हिंदू नव वर्ष' और चैत्र नवरात्रि पर्व पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

 | 
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 'हिंदू नव वर्ष' और चैत्र नवरात्रि पर्व पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं


भाेपाल, 19 मार्च (हि.स.)। आज यानि 19 मार्च गुरुवार से हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ हुआ है। पंचांग के अनुसार, हिंदू नववर्ष चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को प्रारंभ होता है। जिसके साथ ही नए विक्रम संवत 2083 का आगमन होगा। यह शुभ दिन नौ दिनों तक चलने वाले चैत्र नवरात्रि उत्सव की शुरुआत का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट करते हुए प्रदेशवासियाें काे हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए लिखा- चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 'हिंदू नव वर्ष' की आप सभी को हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं! नव संवत्सर, विक्रम संवत 2083 आपके जीवन में नव चेतना, नव ऊर्जा और असीम समृद्धि लाए। इस पुण्यभूमि पर प्रगति, परिश्रम व परोपकार की त्रिवेणी सदा बहती रहे और पूरा विश्व इससे अभिसिंचित होता रहे, यही कामना है। जयतु भारतम्!

एक अन्य संदेश के माध्यम से सीएम डाॅ. यादव ने चैत्र नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा- ॐ जयन्ती मङ्गला काली भद्रकाली कपालिनी।दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तु ते॥देवी मां दुर्गा जी की आराधना के महापर्व चैत्र नवरात्रि की आप सभी को हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं।आज प्रथम दिवस के पावन अवसर पर मां शैलपुत्री जी से करबद्ध प्रार्थना है कि उनके आशीर्वाद से भक्तों के सभी कष्ट दूर हों; हर घर में सुख-शांति, संपन्नता और आनंद का वास हो।जय माता दी!

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे