home page

सागर में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव, नवविवाहित जोड़े को दिया आशीर्वाद

 | 
सागर में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव, नवविवाहित जोड़े को दिया आशीर्वाद


हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया स्वागत

सागर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव सोमवार को सागर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री विरेन्द्र कुमार के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री का आगमन धर्मश्री हेलीपैड पर हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से आरटीओ रोड स्थित निजी होटल पहुंचे, जहां विवाह समारोह आयोजित किया गया था।

समारोह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के पुत्र केसरी नंदन और पुत्रवधू प्रेरणा को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह दो आत्माओं का पवित्र बंधन है और यह जीवन में नई जिम्मेदारियों एवं खुशियों की शुरुआत का अवसर होता है। उन्होंने नवदंपति के सुखद, समृद्ध और सफल दांपत्य जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार और उनके परिवार से भी मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं तथा परिवार की खुशियों में सहभागी बने। वे करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम में मौजूद रहे, जिसके बाद सागर से रवाना हो गए। इस अवसर पर राज्य मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व मंत्री गाेपाल भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला, डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे