home page

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान का किया शुभारंभ

 | 
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान का किया शुभारंभ


भाेपाल, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में रविवार काे मुख्यमंत्री निवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर प्रदेशभर में 'हर घर तिरंगा' अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने प्रदेश के सभी नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने घरों तथा प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा अवश्य फहराएं। उन्हाेंने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट कर लिखा -विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा... आज भोपाल निवास पर 'तिरंगा' फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया। मैं उन सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता हूं, जिनके बलिदान से हमें स्वतंत्रता मिली। इस पावन अवसर पर निवास स्थित समस्त स्टाफ के साथ 'तिरंगा यात्रा' में भी सहभागिता की। आइए, तिरंगे की आन-बान-शान को सर्वोच्च रखते हुए हम सभी संकल्प लें कि देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। जय हिंद!

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे