home page

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में फहराया तिरंगा, एमपी के विकास का रोडमैप किया पेश

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में फहराया तिरंगा, एमपी के विकास का रोडमैप किया पेश


मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में फहराया तिरंगा, एमपी के विकास का रोडमैप किया पेश


मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में फहराया तिरंगा, एमपी के विकास का रोडमैप किया पेश


मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में फहराया तिरंगा, एमपी के विकास का रोडमैप किया पेश


भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप दिया।

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। समारोह से पहले उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, जेल गार्ड, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड सहित विभिन्न दलों ने परेड में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 को मध्य प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार और स्टार्टअप से जोड़ने पर रहेगा। उन्होंने आने वाले समय में हर साल एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 85 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले एक साल में एक लाख से अधिक युवाओं को आईटीआई के माध्यम से प्रशिक्षण देने और ग्लोबल स्किल पार्क में हर साल 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षित करने की योजना है।

सात आधारों पर तैयार होगा युवा वर्ष का रोडमैप

मुख्यमंत्री ने युवाओं के विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप, खेल एवं संस्कृति, शोध तथा नेतृत्व क्षमता विकास को प्रमुख आधार बताया। उद्योगों और युवाओं के बीच बेहतर तालमेल के लिए प्लेसमेंट व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को और विस्तार देना है। फिलहाल मध्यप्रदेश में करीब 8 हजार स्टार्टअप संचालित हैं, जिनमें लगभग आधे महिला नेतृत्व वाले हैं। अगले ढाई साल में इनकी संख्या 12 हजार से अधिक करने और हर जिले में कम से कम एक इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

निवेश को जमीन पर उतारने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए आए प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का काम तेजी से चल रहा है। धार में प्रस्तावित पीएम मित्र पार्क को प्रदेश के वस्त्र उद्योग के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे खेती से लेकर उत्पादन और निर्यात तक नई संभावनाएं पैदा होंगी। सरकार की अगली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में भोपाल में आयोजित करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य प्रदेश में बड़े निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

किसानों के लिए चार गुना मुआवजा

मुख्यमंत्री ने किसानों को सरकार की प्राथमिकताओं में बताते हुए कहा कि 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। सरकारी परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन के भू-अर्जन पर चार गुना मुआवजा देने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों के खातों में तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि पहुंचाई गई है। इसमें खाद-बीज, बिजली, सिंचाई, फसल खरीदी, भावांतर, फसल बीमा और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की सहायता शामिल है।

जिलों में भी शान से फहराया तिरंगा

सतना : प्रतिमा बागरी ने ली 19 प्लाटून की सलामी

सतना के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में 19 प्लाटून ने मार्चपास्ट किया। सांसद गणेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

उज्जैन : दशहरा मैदान में गूंजा वंदे मातरम्

उज्जैन के दशहरा मैदान में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान और देशभक्ति के माहौल के बीच बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी समारोह में शामिल हुए।

ग्वालियर : नरेंद्र सिंह तोमर ने किया ध्वजारोहण

ग्वालियर के एसएएफ ग्राउंड में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने तिरंगा फहराया। पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन प्रस्तुत की। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जवानों का उत्साह बढ़ाया।

नर्मदापुरम : बारिश के बीच मंत्री विश्वास सारंग ने फहराया तिरंगा

नर्मदापुरम के पुलिस परेड ग्राउंड में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने ध्वजारोहण किया। बारिश के बावजूद समारोह में परेड, मार्चपास्ट और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा और एसपी साई कृष्णा एस. थोटा सहित अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल को तिरंगे रंगों और फूलों की रंगोली से सजाया गया।

हरदा : रिमझिम बारिश में हुआ समारोह

हरदा के मिडिल स्कूल ग्राउंड में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। रिमझिम बारिश के बीच हुए कार्यक्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, एसपी शशांक सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इंदौर : 20 दलों ने किया मार्चपास्ट

इंदौर के आरएपीटीसी ग्राउंड में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड में बीएसएफ, आरएपीटीसी, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और अन्य दलों सहित कुल 20 दल शामिल हुए। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया।

खंडवा : विजय शाह ने तिरंगे को दी सलामी

खंडवा के पुलिस परेड ग्राउंड में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने ध्वजारोहण किया। परेड में पुलिस एवं विभिन्न विभागों की टुकड़ियों ने अनुशासन के साथ मार्चपास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे