स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर देश में तीसरे स्थान पर, महानगरों को पीछे छोड़ा
जबलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में सम्मान प्राप्त करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार मंगलवार को जबलपुर पहुंचे। डुमना विमानतल पर दोनों के पहुंचते ही नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया।
महापौर और निगमायुक्त के विमानतल से बाहर आते ही ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भारत माता के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। नागरिकों ने पुष्पहार पहनाकर दोनों का अभिनंदन किया और फूल बरसाकर राष्ट्रीय स्तर पर शहर को मिली उपलब्धि की खुशी मनाई।
मिठाई खिलाकर मनाई उपलब्धि की खुशी
जबलपुर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में तीसरा स्थान मिलने से नगर निगम और शहरवासियों में उत्साह का माहौल रहा। विमानतल पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और निगम कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। बड़ी संख्या में लोग महापौर और निगमायुक्त के स्वागत के लिए पहुंचे थे।
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों और नगर निगम की पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार महापौर या निगमायुक्त का नहीं, बल्कि जबलपुर के करीब 15 लाख नागरिकों, सफाई मित्रों और नगर निगम के कर्मचारियों की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में सहयोग देने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वायु गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों को मिला सम्मान
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कई स्तरों पर प्रयास किए गए। पौधारोपण अभियान चलाने के साथ निर्माण कार्यों से उत्पन्न होने वाली धूल को नियंत्रित करने और कचरा प्रबंधन के नियमों के प्रभावी पालन पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए किए गए इन प्रयासों का परिणाम राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर के तीसरे स्थान के रूप में सामने आया है। नगर निगम आने वाले समय में भी पर्यावरण संरक्षण और वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को जारी रखेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से संस्कारधानी जबलपुर में उत्साह का माहौल है। नगर निगम के कर्मचारी संघों के पदाधिकारी भी स्वागत कार्यक्रम में मौजूद रहे। शहरवासियों ने इस उपलब्धि को स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

