home page

राजगढ़ः बाल विवाह रोकने वाली महिलाओं को किया सम्मानित, कुरुति को खत्म करने की शपथ

 | 
राजगढ़ः बाल विवाह रोकने वाली महिलाओं को किया सम्मानित, कुरुति को खत्म करने की शपथ


राजगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में अहिंसा वेलफेयर सोसायटी एवं महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से सोमवार को बाल विवाह मुक्त भारत नारी सम्मान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकने के लिए जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं को नारी सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस कुरुति को खत्म करने की शपथ ली। रंगपंचमी का त्योहार होने के कारण यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के एक दिन बाद सम्पन्न किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम में सीडीपीओ प्रतिभा साहू ने बाल विवाह को बच्चों के भविष्य के लिए अन्याय बताया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं समाजजन से अपील की बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

इस मौके पर सीएमओ देवनारायण दांगी ने कहा कि समाजजन की सोच में बदलाव के बिना बाल विवाह जैसी कुरुतियों का अंत असंभव है। एसआई भूरी भील ने महिलाओं को शिक्षा और जागरुकता से सशक्त बनने पर जोर दिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश यह था कि जागरुकता और सामूहिक प्रयास ही इसे रोकने के प्रभावी हथियार है।

इस अवसर पर बाल विवाह रोकथाम में उत्कृष्ट कार्य करने केे लिए महिला एवं बाल विकास विभाग खिलचीपुर ब्लाॅक से सुपरवाइजर संतोष चौहान, अन्नू भिलाला इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति शर्मा, एकता शर्मा और सविता वाल्मीकि को नारी सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के अंत में मौजूद अधिकारी-कर्मचारी और कार्यकर्ताओं ने बाल विवाह जैसी कुरुति को समाज से पूरी तरफ खत्म करने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन अहिंसा वेलफेयर सोसायटी के प्रोजेक्ट मैनेजर नरेन्द्र व्यास ने किया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर परिषद, पुलिस विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सोसायटी टीम मौजूद रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक