home page

मुख्यमंत्री ने की सहकारिता विभाग की समीक्षा, विभागीय प्रगति, नई कार्ययोजनाओं और सहकारी तंत्र को पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश

 | 
मुख्यमंत्री ने की सहकारिता विभाग की समीक्षा, विभागीय प्रगति, नई कार्ययोजनाओं और सहकारी तंत्र को पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश


भाेपाल, 3 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग की विस्तृत समीक्षा की। सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सभी विभागों की कार्य-समीक्षा की जा रही है। बैठक में अधिकारियों को विभागीय प्रगति, नई कार्ययोजनाओं और सहकारी तंत्र को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए निर्देश दिए गए। बैठक के बाद सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से चर्चा में सरकार की प्राथमिकताओं, कांग्रेस के आरोपों और पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था पर बात की।

विश्वास सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री समय-समय पर सभी विभागों की समीक्षा करते हैं और सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर विभाग का गहन मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग की योजनाओं की प्रगति पर जानकारी लेने साथ आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना पर भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि डिफाल्टर किसानों को राहत देने के लिए जल्द ही ओटीएस (वन-टाइम सेटलमेंट) योजना लाई जाएगी। डिफाल्टर सूची से किसानों को निकालकर रेगुलर श्रेणी में शामिल किया जाएगा ताकि वे फिर से ऋण ले सकें। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में हुए गबन और घोटालों का असर किसानों पर न पड़े, इसके लिए नई पारदर्शी व्यवस्था लाई जा रही है। सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए C-PPP मॉडल (कोऑपरेटिव-पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप ) पर सफलतापूर्वक काम किया गया है। सहकारिता क्षेत्र में बड़ा निवेश आया है। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कंप्यूटराइजेशन को जमीनी स्तर तक लागू किया गया है। आने वाले दिनों में पूरे सहकारिता तंत्र का ट्रांजैक्शन ऑनलाइन किया जाएगा। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने सभी सोसाइटी का 100% ऑनलाइन ऑडिट पूरा किया है।

भाजपा कार्यालय में जनता से संवाद करेंगे मंत्री

उन्होंने बताया कि अब भोपाल भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी द्वारा बनाई नई व्यवस्था के तहत हर मंत्री प्रतिदिन दोपहर 1 से 3 बजे तक समस्याएँ सुनकर समाधान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तेज़ गति से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी निरंतर जनहित के कार्य कर रहे हैं और समय-समय पर उनकी समीक्षा भी कर रहे हैं। विश्वास सारंग ने बताया कि भाजपा सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन तथा सत्ता के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए यह व्यवस्था शुरू की गई है।

जीतू पटवारी के आरोपों पर जवाब

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी द्वारा मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों पर उठाए गए सवालों पर सारंग ने कहा कि उन्हें सरकार की बहुत समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि यह वह सरकार नहीं है जहां मंत्रियों को सिर्फ “चलो-चलो” जैसे निर्देश मिलते थे। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे में अनावश्यक प्रश्न उठाकर सिर्फ मीडिया में जगह बनाने की कोशिश करती है। कांग्रेस से किसी भी प्रकार के सम्मान या सकारात्मक राजनीति की अपेक्षा नहीं की जा सकती। मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस की पुरानी आदत है—कभी राहुल गांधी विदेश जाकर प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं, तो कभी उनके छुटभैया नेता सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। जिस वीडियो को कांग्रेस ने शेयर किया है, उस पर सबसे पहले उन्हें ही आत्ममंथन और संज्ञान लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे