शहीद दीपसिंह चौहान सिंचाई परियोजना से खेतों को मिलेगा पानी - मुख्यमंत्री मोहन यादव
हरदा, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिये कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय कृषि आधारित कौशल विकास एवं कस्टम हायरिंग पर केन्द्रित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होने 199.79 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 32.48 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमि पूजन भी किया एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में स्थापित शहीद दीप सिंह चौहान उद्वहन सिंचाई परियोजना से टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिये पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। गेहूँ का समर्थन मूल्य भी बढ़ाया है आगामी वर्षों में गेहूँ 2700 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा। उड़द पर किसानों को 600 रू.प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। इसी तरह शासन ने गौशालाओं में गायों को रखरखाव के लिये 40 रुपये प्रति गाय किया है। नदी जोड़ो अभियान के तहत 13 जिलों में सिंचाई का प्रबन्ध होगा। 2003 में मात्र 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी लेकिन विगत 20 वर्ष में 55 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई विस्तार किया है और आगामी वर्ष में लगभग 100 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक डॉ. दोगने द्वारा 27 सौ रुपये किए जाने की मांग -कार्यक्रम में विधायक डॉ. दोगने मंच पर कुर्सी से उठकर संबोधन करने पहुंचे विधायक द्वारा संबोधन के दौरान कलेक्टर द्वारा रोकने पर कहा मैं यहां विरोध नहीं करने आया। मै भी जनप्रतिनिधि हूं मुझे बोलने दिया जाए। उन्होंने आशापुर नर्मदापुरम रोड निर्माण की पूर्व में की गई घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का माना आभार।गेहूं का समर्थन मूल्य 27 सौ रुपये किए जाने की रखी मांग।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मंच से पुष्पों की वर्षा कर उपस्थित किसानों व जनसमुदाय का अभिनन्दन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक जिला एक उत्पाद के तहत बांस के प्लांटर भेंट किये गये। उल्लेखनीय है कि जिले में एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत बांस के उत्पाद का चयन किया गया है।इस दौरान ग्राम नहालखेड़ा (हरदा) के बीएससी कृषि के छात्र अनिकेत लोढ़वाल ने सुपर सीडर से नरवाई प्रबन्धन पर अपने अनुभव साझा किये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2023 में सहकारिता विभाग में चयनित 75 नव नियुक्त सहकारी निरीक्षक व सहकारी विस्तार अधिकारियों को नियुक्त आदेश वितरित किये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

