home page

मुख्यमंत्री आज रात 9 बजे देंगे लाइव संबोधन, महिला आरक्षण और गेहूं खरीदी पर कर सकते हैं बात

 | 
मुख्यमंत्री आज रात 9 बजे देंगे लाइव संबोधन, महिला आरक्षण और गेहूं खरीदी पर कर सकते हैं बात


भोपाल, 24 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रात 9 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इस लाइव संबोधन में वे नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर केंद्र सरकार के फैसलों और उससे जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि प्रिय प्रदेशवासियों, आज रात 9 बजे मैं सोशल मीडिया पर लाइव में एक महत्वपूर्ण विषय को लेकर अपनी बात आप सभी से साझा करूंगा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने संबोधन में महिलाओं के हितों से जुड़े फैसलों पर भाजपा और कांग्रेस के रुख का अंतर भी स्पष्ट कर सकते हैं।

दरअसल, हाल ही में लोकसभा के विशेष सत्र (16-17 अप्रैल) के दौरान लाए गए विधेयकों पर हुई राजनीतिक स्थिति का भी जिक्र संभव है, जिसमें कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा द्वारा विरोध किया गया था। नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। इसी संदर्भ में 27 अप्रैल को मध्य प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जहां इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर भी अपनी बात रख सकते हैं। राज्य में गेहूं खरीदी का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन किया गया है। इस मुद्दे पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब भी मुख्यमंत्री अपने संबोधन में दे सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत