मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीआरपीएफ के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं
भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को इस संगठन के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कर्तव्य निर्वहन के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सीआरपीएफ जवानों को नमन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से अपने संदेश में कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आंतरिक सुरक्षा के लिए बल के प्रभावशाली एवं दक्षतापूर्ण कर्तव्यनिष्ठा से देश के साथ विविधता में भी एकता अक्षुण्ण है। कर्तव्य निर्वहन के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जवानों को नमन।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का स्थापना दिवस हर साल 27 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिवस देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति और अखंडता की रक्षा में बल के अदम्य साहस, बलिदान और सेवाभाव को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

