मप्र: मुख्यमंत्री डॉ यादव आज उज्जैन संभाग में करेंगे चुनाव प्रचार

 | 

भोपाल, 8 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा के वरिष्ठ नेता आज (बुधवार) प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा खण्डवा, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह नीमच, मंदसौर, पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर उज्जैन, रतलाम व इंदौर, प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा इंदौर लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रातः 9.30 बजे मंदसौर में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक में शामिल होंगे। प्रातः 10.05 बजे मंदसौर लोकसभा क्षेत्र के गरोठ विधानसभा के भानपुरा में जनसभा, प्रातः 11.20 बजे सुवासरा विधानसभा के शामगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। डॉ. यादव दोपहर 12.30 बजे रतलाम लोकसभा क्षेत्र के पेटलावद विधानसभा के अंबापाडा में पं. कमल किशोर नागर की कथा में सम्मिलित होंगे। दोपहर 1.45 बजे थांदला विधानसभा में जनसभा एवं रोड शो, दोपहर 2.45 बजे उज्जैन लोकसभा क्षेत्र के महिदपुर विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे उज्जैन में युवा मोर्चा सम्मेलन में शामिल होंगे। शाम 5.20 बजे देवास लोकसभा क्षेत्र के सोनकच्छ विधानसभा में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के पश्चात शाम 6.30 बजे सीहोर जिले के आष्टा में रोड शो में शामिल होंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्षविष्णुदत्त शर्मा प्रातः 10.30 बजे नेपानगर के अनुव्रत भवन में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.30 बजे बुरहानपुर के होटल उत्सव में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करेंगे। श्री शर्मा दोपहर 3.30 बजे खण्डवा के गौरीकुंज सभागृह में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह नीमच और मंदसौर जिले के प्रवास पर रहेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री व दिल्ली की प्रदेश प्रभारी अल्का गुर्जर उज्जैन, रतलाम, इंदौर लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगी। अल्का गुर्जर प्रातः 8 बजे उज्जैन पहुंचकर श्री महाकाल मंदिर में दर्शन कर पूजन-अर्चन करेंगी। दोपहर 12 बजे रतलाम लोकसभा के सैलाना में महिला सम्मेलन एवं दोपहर 3 बजे महिला मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगी। सायं 7 बजे इंदौर में महिला मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगी। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा इंदौर प्रवास पर रहेंगे।