home page

शहडोल : मुख्यमंत्री जनजातीय गौरव सप्ताह में शहडोल को 342.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की देंगे सौगात

 | 
शहडोल : मुख्यमंत्री जनजातीय गौरव सप्ताह में शहडोल को 342.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की देंगे सौगात


शहडोल, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 16 नवंबर को आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल जिले को 342.61 करोड़ रुपये के 69 विकास कार्यों की सौगात देंगे।

जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री 341.67 करोड़ रुपये की लागत के 67 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 94 लाख रुपये की लागत के 2 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। भूमिपूजन कार्यों में ऊर्जा विभाग के 291.51 करोड़ रुपये के दो विद्युत उपकेंद्र प्रमुख हैं। इनमें जयसिंहनगर में 109.26 करोड़ तथा पपौंध में 182.25 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण शामिल है।

जनजातीय कार्य विभाग के 35.66 करोड़ रुपये के 61 कार्यों में छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह, सीसी रोड, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय कक्ष एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री 13.09 करोड़ रुपये के शासकीय महाविद्यालय बाणसागर के निर्माण एवं विकास कार्य, वन विभाग के 80 लाख रुपये के दो कार्य तथा 61 लाख रुपये के रूरल मार्ट निर्माण का भूमिपूजन करेंगे।

लोकार्पण के अंतर्गत बुढवा छात्रावास में 34 लाख रुपये से निर्मित तीन अतिरिक्त कक्ष तथा नगपुरा के डोंगरीटोला में 60 लाख रुपये से निर्मित बहुउद्देशीय भवन का लोकार्पण करेंगे। इन कार्यों से जिले में शिक्षा, विद्युत, ग्रामीण आजीविका एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला