home page

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार का दौरा करेंगे

 | 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार का दौरा करेंगे


भिंड, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार का दौरा करेंगे। वे यहां आयोजित एक कार्यक्रम से लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित करेंगे।

मुख्यमंत्री लहार में भाजपा विधायक अम्बरीश शर्मा (गुड्डू) के निवास पर उनकी माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करने भी पहुंचेंगे।यह कार्यक्रम पहले मेहगांव में प्रस्तावित था, लेकिन गुरुवार रात अचानक इसमें बदलाव कर दिया गया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पहले मेहगांव के मंडी परिसर में होना तय था। इसके लिए गुरुवार को मंत्री राकेश शुक्ला, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना सहित जिले के अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों का जायजा लिया था।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लहार में लगभग दो घंटे रुकेंगे। उनका कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चलेगा। गुरुवार शाम तक कार्यक्रम स्थल तय नहीं हो सका था, जिसके लिए बारिश की संभावना को देखते हुए एक पक्के स्थान की तलाश की जा रही थी।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। वहीं, मुख्यमंत्री का लहार आगमन तय होते ही विधायक अम्बरीश शर्मा ने लहार पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anil Sharma