home page

भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध बनाकर गौरव के इस अवसर को सार्थक करें शहरवासी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध बनाकर गौरव के इस अवसर को सार्थक करें शहरवासी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल गौरव दिवस की दी बधाई

भोपाल, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपालवासियों को 'भोपाल गौरव दिवस' की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से जारी संदेश में कहा कि वर्ष 1949 में आज के पावन दिवस पर भोपाल का भारत संघ में विलय हुआ था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के विलीनीकरण और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया। साथ ही भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध बनाकर गौरव के इस अवसर को सार्थक करने का भोपालवासियों से आह्वान किया है।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इतिहास में एक जून का दिन बेहद खास है। यह वो दिन है जब 226 वर्षों तक चले नवाबी शासन का अंत हुआ और भोपाल पूरी तरह से भारत का हिस्सा बना। यह भारत की आजादी के लगभग दो साल बाद संभव हो सका। एक जून 1949 को भोपाल भारत का अभिन्न अंग बना। यही कारण है कि इस दिन को भोपाल गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत