home page

बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को किया संबोधित

भोपाल/धार, 15 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जन नायक बिरसा मुंडा ने उलगुलान (महाविद्रोह) अभियान चलाकर जन, जल जंगल, ज़मीन और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना प्राणोत्सर्ग कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मप्र सरकार की ओर से भगवान बिरसा मुंडा के राष्ट्र के लिए बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर देने की प्रेरणा देता है।

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर धार जिले के डही में हुए राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में कही। इससे पहले उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का विधिवत् शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2671 छात्रावासों के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 1.40 लाख विद्यार्थियों को आवासीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनजातीय विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा, विदेश अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर दिए जा रहे हैं। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनजातीय संस्कृति, परम्पराओं, कला और गौरवशाली विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश के किसानों को बड़ी सौगातें मिल रही हैं। प्रदेश में सिंचाई का रकबा तेजी से बढ़ा है। माईक्रो डही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से मालवांचल के धार और आलीराजपुर को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में लगभग 1350 करोड़ रुपए लागत की डही सिंचाई परियोजना प्रारंभ हुई है। इससे 15 दिन पहले ही सरदारपुर में 2500 करोड़ से अधिक लागत की पाइप लाइन का लोकार्पण भी किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कवि रहीम के दोहे का उल्लेख करते हुए कहा कि जल ही जीवन हैं, जल के बिना जीना संभव नहीं है। नई सिंचाई परियोजना के माध्यम से अंचल के सभी लोगों को मां नर्मदा का जल उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर धार जिले को पीएम मित्र पार्क की सौगात दी। इससे क्षेत्र के 6 लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर युवाओं को 3 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना से एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना से धार जिले के 84 एवं आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व मे हमारी सरकार भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनजातीय अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जनजातीय समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना ही सरकार का प्रमुख ध्येय है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना धार एवं आलीराजपुर जिले के लिए जीवनरेखा सिद्ध होगी। इससे जनजातीय अंचल के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र का विस्तार कर अधिकाधिक भूमि को सिंचित बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों को एक से अधिक फसल लेने का अवसर मिलेगा और उन्हें आजीविका के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर डही क्षेत्र को मिली सिंचाई परियोजना की सौगात को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और समाज सेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों पर चलते हुए जनजातीय समाज के विकास और कल्याण के लिए सामिक प्रयास करना हमारा दायित्व है।

इस दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार जिलेवासियों को 1570 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 115 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 1402 करोड़ रुपए के 8 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 168.56 करोड़ रुपए के 107 कामों का भूमि-पूजन शामिल है। जनजातीय गौरव दिवस को और भी विशेष बनाते हुए राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना का लोकार्पण किया। कुल 1353.18 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस सिंचाई परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की 47 हजार हेक्टेयर भूमि में नर्मदा जल से सिंचाई उपलब्ध होगी। इस परियोजना से करीब एक लाख किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा का लाभ मिलेगा। समारोह में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित भी किया गया।

मंच से विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों का सम्मान एवं लाभ वितरण

समारोह में बाग प्रिंट उत्पादन एवं ब्रिक्स सम्मेलन में सहभागिता करने वाली श्रीमती श्यामि बाई डोडवे को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। म.प्र. राज्य आजीविका मिशन के जय गुरुदेव स्वयं सहायता समूह की श्रीमती वंदना अलावा और श्रीमती मीरा डावर सहित 91 समूहों के लिए कुल 5.30 करोड़ रुपये की राशि का स्व-सहायता समूह ऋण वितरित किया गया। राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना के तहत ग्राम उम्मेदपुरा निवासी कैलाश पिता सिकदारसिंह को रजिस्ट्री की गई। ग्राम देवदा के भेरूसिंग दयाला को चना बीज मिनी किट वितरित किया गया। अरोसी पिता राहुल मण्डलोई को बाल हृदय उपचार योजनांतर्गत 90 हजार रुपये की राशि दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत श्रीमती कुसुम पति राजू को लाभान्वित किया गया है। गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता वृंदावन ग्राम अंतर्गत घोषित परिणामों में महेश बद्रीलाल पाटीदार, अनिल सत्यनारायण पाटीदार एवं जयेश देवेंद्र धनगर को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को जनजातीय कार्य, लोक सम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मीना वर्मा, कालूसिंह ठाकुर, जयदीप पटेल, श्रीमती रंजना बघेल, सरदार मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभाग एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही में किया भव्य रोड शो

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस एवं डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं जनजातीय समाज के लोगों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही बस स्टैंड से पुलिस ग्राउंड स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल तक रोड शो कर जनता का अभिवादन जनता का अभिवादन किया। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। रोड शो में जनजातीय संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। पारम्परिक वेशभूषा में सजे जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं। ढोल-मांदल की गूंज और उत्साहपूर्ण जनभागीदारी से पूरा वातावरण जनजातीय गौरव एवं उत्सव के रंग में रंग गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाथ हिलाकर जनसमुदाय का अभिवादन स्वीकार किया तथा सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत