home page

छिंदवाड़ा में स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटी, 9 छात्र घायल, बारिश में घुमावदार मोड़ पर हुआ हादसा

 | 
छिंदवाड़ा में स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटी, 9 छात्र घायल, बारिश में घुमावदार मोड़ पर हुआ हादसा


छिंदवाड़ा, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ाजिले के हर्रई थाना क्षेत्र के ग्राम छाताकला में शनिवार दोपहर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन बारिश के बीच अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे में वैन में सवार नौ छात्र घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, सनशाइन स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान छाताकला के पास बारिश के कारण फिसलन भरे घुमावदार मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वैन सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकीय जांच में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं पाई गई, जिसके बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, छाताकला क्षेत्र की सड़क पर कई तीखे और घुमावदार मोड़ हैं। लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। घटना के बाद यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से बारिश के दौरान निर्धारित गति सीमा का पालन करने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे