छिंदवाड़ा में महाकाल ट्रैवल्स की बस पलटी, 15 यात्री घायल, 2 वर्षीय बच्चे सहित तीन की हालत गंभीर
छिंदवाड़ा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पिपरिया-छिंदवाड़ा मार्ग पर रविवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हाे गया। यहां पिपरिया से छिंदवाड़ा आ रही महाकाल ट्रैवल्स की बस रेनीखेड़ा ग्राम के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 15 यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही माहुलझिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल तामिया अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब लगभग 10 बजे की है। महाकाल बस ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2644 पिपरिया से छिंदवाड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन रेनीखेड़ा ग्राम के निकट पहुंचा, चालक का बस पर से नियंत्रण खो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि बस पूरी तरह खचाखच भरी नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर तुरंत राहत कार्य
सूचना मिलते ही माहुलझिर थाना पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर और सड़क किनारे फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल तामिया अस्पताल पहुँचाया।
15 यात्री घायल, तीन गंभीर
हादसे में कुल 15 यात्री घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश यात्रियों का प्राथमिक उपचार के बाद इलाज कर छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, तीन यात्रियों की चोट गंभीर है, जिनका उपचार जारी है। हादसे में एक 2 वर्षीय बच्चे के सिर में भी चोट आई, अस्पताल में उसका तत्काल उपचार किया गया और स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
सड़क और मोड़ संवेदनशील
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग पहाड़ी और घुमावदार होने के कारण संवेदनशील है। तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। नागरिक प्रशासन से नियमित निगरानी, सुरक्षित पार्किंग और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम की मांग की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान है कि चालक का नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण रहा, हालांकि वाहन की तकनीकी खराबी और सड़क की स्थिति पर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया। घायलों और प्रभावित यात्रियों के परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

