'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत भोपाल में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस कमिश्नर कार्यालय का किया घेराव
भोपाल, 04 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत शनिवार को राजधानी भोपाल में छात्रों और युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विरोध मार्च निकालते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया।
प्रदर्शन जिंसी चौराहे से शुरू होकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में छात्र-युवा हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे हल्की झड़प की स्थिति भी बनी। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
यह मार्च अभियान समन्वयक डॉ. अंशुल त्रिवेदी और शामी मसूद के नेतृत्व में आयोजित किया गया। ज्ञापन में 'छात्रों की गूंज' भोपाल चैप्टर ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसी गंभीर अनियमितताओं ने देश के लाखों विद्यार्थियों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास डगमगा दिया है। ज्ञापन में कहा गया कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान 21 से अधिक विद्यार्थियों की जान जाने के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही कथित विफलताओं और छात्रों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए धर्मेंद्र प्रधान को भोपाल जिले से जिला बदर करने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर एआईसीसी कॉर्डिनेटर एवं अभियान समन्वयक डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने कहा, जब देश का छात्र अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है, तब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जवाबदेही तय करे। लगातार पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से निर्णय लिया जाना चाहिए। वहीं शामी मसूद ने कहा, 'छात्रों की गूंज' अभियान देशभर के विद्यार्थियों की आवाज़ है। यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के सुरक्षित भविष्य के लिए है। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, युवा कांग्रेस नेता फैजल नईम, अंकित दुबे, मोहित सक्सेना, आदित्य चनाल सहित कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

