छतरपुर में बाइकाें की टक्कर के बाद ट्रक ने कुचला, युवक का सिर धड़ से अलग, तीन घायल
छतरपुर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुलगंज थाना क्षेत्र के चौपरिया धाम मंदिर के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक युवक ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अनिल रजक (27) और ऋतिक विश्वकर्मा (22) एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। सोमवार को दोनों युवक कंपनी के काम से बाइक से बड़ामलहरा की ओर जा रहे थे। जब वे चौपरिया धाम मंदिर के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अनिल रजक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसी दौरान सामने से गुजर रहे एक ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। इस भीषण हादसे में अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का चश्मदीद 13 वर्षीय प्रीतम कुशवाहा है। उसने बताया कि वह राजेन्द्र कुशवाहा (24) के साथ बाइक से सिजवाहा गांव से लौट रहा था। दोनों रविवार को एक रिश्तेदार के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे और सोमवार सुबह वापस अपने गांव लौट रहे थे। चौपरिया धाम के पास मोड़ पर पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इसी दौरान एक युवक सड़क पर गिर गया और ट्रक की चपेट में आ गया।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
108 एम्बुलेंस सेवा की ईएमटी पार्वती पांडे के अनुसार हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही गुलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

