home page

छतरपुर में बंद पुलिस चौकी के भीतर कॉन्स्टेबल ने की खुदकुशी, सिविल ड्रेस में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
छतरपुर में बंद पुलिस चौकी के भीतर कॉन्स्टेबल ने की खुदकुशी, सिविल ड्रेस में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस


छतरपुर, 08 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बस स्टैंड स्थित एक पुरानी और बंद पड़ी पुलिस चौकी में एक पुलिस कॉन्स्टेबल का शव फंदे पर लटका मिला। शुरुआती जाचं में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तरुण गंधर्व (उम्र लगभग 35-40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नौगांव थाने में पदस्थ थे। तरुण मूल रूप से सागर जिले के निवासी थे और नौगांव के गहरौली रोड पर अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उनका शव बंद चौकी के भीतर मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि तरुण वर्दी के बजाय सिविल ड्रेस (साधारण कपड़ों) में थे। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तरुण की रात के समय न तो थाने में और न ही पुलिस चौकी पर ड्यूटी थी। जिस स्थान पर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया, वह एक पुरानी और निष्क्रिय हो चुकी चौकी है, जबकि वर्तमान में नई चौकी उसके ठीक सामने संचालित होती है। पुलिस के लिए यह जांच का विषय है कि ड्यूटी न होने के बावजूद तरुण रात के समय उस बंद इमारत तक कैसे पहुंचे और उनके वहां जाने का उद्देश्य क्या था।

अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कॉन्स्टेबल शायद किसी मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और डेढ़-दो साल की बच्ची के अलावा सागर में रहने वाले वृद्ध माता-पिता हैं। पुलिस अब उनके कॉल डिटेल्स और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है ताकि इस कदम के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल, नौगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत