छतरपुर: यात्रियों से भरी बस मोड़ पर पलटी, एक दर्जन घायल, स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला
छतरपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र में रविवार को यात्रियों से भरी गौसिया ट्रेवल्स की बस घुवारा रोड पर राय ढाबा के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को बड़ामलहरा अस्पताल पहुंचाया।
बस भगवां से रवाना होकर बड़ामलहरा, गुलगंज, बिजावर और सटई होते हुए छतरपुर जा रही थी। इसी दौरान घुवारा रोड पर राय ढाबा के पास मोड़ पर बस अचानक पलट गई। हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस और अन्य वाहनों से अस्पताल भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति और उनकी पहचान की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

