स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही से मासूम की मौत, एम्बुलेंस के इंतजार में तोड़ा दम
सतना, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के बिरसिंहपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है, जहां समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण एक मासूम बच्चे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के भट्टा मोहल्ला निवासी एक परिवार बिरसिंहपुर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। इसी दौरान शुक्रवार देर रात में बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल बिरसिंहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
बताया गया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए उसे सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इसके बाद एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी। परिजन करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
समय पर उपचार और परिवहन सुविधा न मिलने के कारण बच्चे ने वहीं दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्वास्थ्य केंद्र में पहले भी अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से जांच की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

