home page

सागरः केन्द्रीय जेल में बारिश के बीच करीब 3 हजार बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

 | 
सागरः केन्द्रीय जेल में बारिश के बीच करीब 3 हजार बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी


सागर, 28 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर स्थित केन्द्रीय जेल में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व भावुक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह 08:00 बजे से शाम 06:30 बजे तक चले इस आयोजन में झमाझम बारिश के बावजूद बहनों के उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली। करीब 3 हजार बहनों ने जेल पहुंचकर अपने भाइयों को राखी बांधी।

अपने बंदी भाइयों को रक्षासूत्र बांधने के लिए दूर-दराज से पहुंचीं बहनों का जेल प्रशासन ने पूरा सहयोग किया। जेल परिसर में आयोजित खुली मुलाकात के दौरान कुल 1171 बंदियों से मिलने 2975 बहनें और 1385 बच्चे पहुंचे। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र तथा शीघ्र रिहाई की प्रार्थना की। जेल प्रबंधन की संवेदनशीलता के कारण कोई भी बहन निराश नहीं लौटी; सभी आगंतुक बहनों की उनके भाइयों से खुली मुलाकात कराई गई।

भारी बारिश के कारण आगंतुकों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए जेल प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बहनों के लिए जेल परिसर में ही रोली, चावल और रक्षासूत्र (राखी), ताजी मिठाई, नारियल जैसी सभी आवश्यक पूजन सामग्रियां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम को सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने में मनोज मिश्रा (कार्यवाहक उप जेल अधीक्षक), गीता राठौड़, पंकज कुशवाहा, सौरभ सिंह और अमित रघुवंशी (सहायक जेल अधीक्षक) सहित समस्त जेल स्टाफ, जेल प्रशिक्षण केन्द्र सागर के प्रशिक्षु प्रहरियों एवं स्थानीय पुलिस बल का विशेष योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे