home page

मंदसौर में मना धुलेंडी का पर्व, रंगों से सराबोर ढोल व ताशे पर थिरके युवा, झांकियों ने बांधा समां

 | 
मंदसौर में मना धुलेंडी का पर्व, रंगों से सराबोर ढोल व ताशे पर थिरके युवा, झांकियों ने बांधा समां


मन्दसौर, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में महावीर फतेह करे सेवा संस्था (बालाजी ग्रुप) द्वारा भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव की नगरी में संतगणों, आचार्यगणों एवं विद्वतजनों के चर्चा के बाद धुलेंडी पर्व पर मंगलवार को 13वी विशाल रंगारंग महागैर निकाली। महागैर में शामिल गुलाल फायटर ने मंदसौर नगर को रंगों से सराबोर कर दिया।

इस ऐतिहासिक गैर में नगर के बच्चे, युवा व वृद्धों ने उत्साह से भाग लिया और एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी। महागैर ने ऐसा समां बांधा कि हर चेहरे पर रंग गुलाल नजर आया। बच्चों की परीक्षाओं के मद्देनजर पहली बार निकली डी.जे. रहित महागैर की सभी सराहना की।

गैर का शुभारंभ प्रात: 9 बजे भगवान श्री द्विमुखी गणपति मंदिर में संतगण एवं समाज प्रमुखों द्वारा पूजा अर्चना कर किया गया। यहां पर संतों के सानिध्य में बालाजी ग्रुप जिलाध्यक्ष लोकेन्द्र मंगल बैरागी, आयोजन समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल सोनगरा, समाजसेवी पं. दिलीप शर्मा, डॉ प्रवीण मंडलोई, प्रवीण शर्मा, नगर अध्यक्ष लोकेश ठाकुर, गणपत कुमावत, सूरज बैरागी ने किया। उसके बाद भव्य मंच पर कथा प्रवक्ता पं. दशरथभाई जी एवं पं. विष्णु शर्मा द्वारा समाजसेवा में प्रमुख भूमिका निभाने वाले समाजप्रमुखों का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया।

तत्पश्चात् बैण्ड बाजो व ढोल ढमाकों के साथ गैर का प्रारंभ हुआ। महागैर जैसे जैसे आगे बढ़ती हुई युवाओं की टोलियां गैर में शामिल होती गई। शुक्ला चौक पहुंचते हुए गैर ने विशाल रूप ले लिया। बालाजी ग्रुप द्वारा बनाई गई विभिन्न समितियों के मार्गदर्शन में अनुशासनात्मक रूप से निकली इस गैर की हर कोई प्रशंसा कर रहा था। गैर निर्धारित मार्गों से होती हुई भारत माता चौराहा पर पहुंची जहां समापन हुआ।

बालाजी ग्रुप के जिलाध्यक्ष लोकेन्द्र मंगल बैरागी व आयोजन समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल सोनगरा ने बताया कि महागैर मे कृष्ण-सुदामा का मित्रता दशार्ती चलित झांकी, गुजरात के नगाड़े, मंदसौर के ढोल विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे जिनके साथ-साथ युवक भी जमकर थिरके। साथ ही फायर फायटर से रंगों व तोप से फूलों की बरसात की गई। 31 क्विंटल हर्बल गुलाल व 11 क्विंटल फूलों ने महागैर मार्ग की सड़कों को रंगों से सरोबार कर दिया। गैर का कई जगह गुलाल, पुष्पवर्षा व स्वल्पाहार से स्वागत किया गया। महागैर में अनुशासन बनाये रखने के लिये ग्रुप के 51 कार्यकतार्ओं की टोली भी व्यवस्था बना के रख रही थी। महागेर का समापन बड़े बालाजी मंदिर के बाहर हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ।

गोवर्धननाथ मंदिर में मना होली का पर्व

नगर के प्रसिद्ध पुष्टीमार्गीय हवेली गोवर्धननाथ जी के मंदिर में होली का पर्व 3 मार्च को मनाया गया। सुबह 6 बजे होलीका दहन हुआ जिसके पश्चात् 9 बजे तक भक्तों के लिए दर्शन खुलें जिसके बाद ग्रहण के चलते मंदिर के पट बंद कर दिये गये। वहीं मंदिर के बाद क्षेत्रिय लोगों द्वारा इस अवसर डेढ क्विटंल साबुदाने की खिचडी एवं ठंडाई का वितरण किया गया। वहीं जिले के तीर्थ स्थल भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भी होली का पर्व 3 मार्च को ही मनाया गया। भक्तों ने बाबा के साथ फूलों और रंगों से होली खेली। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में उल्लास एवं उत्साह के साथ धुलैंडी का पर्व मनाया गया । बाबा श्री पशुपतिनाथ ने भक्तों के साथ फूलों एवं गुलाल से होली खेली ।

बुधवार को भी मनेगी धुलेंडी

चंद्रग्रहण के कारण धुलेंडी को लेकर असंमजस की स्थिति देखने को मिली थी जिसके बाद कई स्थानों पर धुलेंडी का पर्व 3 मार्च को मनाया गया वहीं कई स्थानों पर धुलेंडी का पर्व बुधवार भी मनाया जायेंगा। सरकारी छुट्टी भी दो दिन की हो गई थी जिसके चलते आज भी सरकारी अवकाश घोषित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया