राजगढ़ःनिजी तालाब भरने के लिए तोड़ी पेयजल पाइपलाइन,छह किसानों पर केस दर्ज
राजगढ़, 23 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की मोहनपुरा ग्रामीण समूह पेयजल योजना के तहत कालीपीठ थाना क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन को तोड़कर निजी तालाब भरने का गंभीर मामला सामने आया है।
कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की साथ ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए। कालीपीठ गांव में कुछ किसानों के द्वारा निजी तालाब भरने के लिए मोहनपुरा ग्रामीण समूह पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन को तोड़ दिया, जिससे टंकियों से जुड़े करीब 20 गांवों में जल की सप्लाई बाधित हो गई। कलेक्टर डाॅ. मिश्रा के निर्देश पर मध्यप्रदेश जल निगम राजगढ़ व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरु किया साथ ही पेयजल आपूर्ति को सुचारु किया गया। प्रशासन ने मामले में किसान नाथूलाल, देवीलाल, विष्णू, रामप्रसाद, शिवनारायण और माताप्रसाद दांगी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। इस घटना को लेकर जल निगम के महाप्रबंधक यूके.चैधरी ने आमजन से अपील की है कि वह पेयजल संबंधी सरकारी संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

