अनूपपुर: कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो महिलाएं घायल, कार सवार हुए फरार
अनूपपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरकंटक तिराहा - जैतहरी मार्ग पर सोमवार की दोपहर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में से एक को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों महिलाओं का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। वहीं कार सवार मौके से फरार हो गये।
जानकारी के अनुसार, घायल 32 वर्षीय श्यामकली अपनी बड़ी बहन 55 वर्षीय मुन्नी बाई के साथ छत्तीसगढ़ के गौरेला स्थित अपनी बेटी के ससुराल डोंगरीटोला गई थीं। वह शनिवार को वहां गई थीं और सोमवार को अनूपपुर रेलवे स्टेशन आ रही थीं। श्यामकली मैनपुर जनकपुर मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं, जबकि मुन्नी बाई कदौरी जैतपुर शहडोल की निवासी हैं। महिलाओं को छोड़ने के लिए दामाद का भाई बाइक से लेकर आया था। खेड़िया पेट्रोल पंप के पास दोपहर करीब 12 बजे एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मुन्नी बाई के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उनके दाएं पैर के घुटने में गहरा घाव हो गया है। उनके शरीर में अंदरूनी चोटें भी हैं। वहीं, श्यामकली के चेहरे और हाथ की कोहनी पर चोट लगी है। घटना के बाद कार सवारों ने घायल महिलाओं को अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराया। इसके बाद वे कार लेकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल, दोनों महिलाओं का इलाज जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

