अनूपपुर: सोन नदी पुल का रेलिंग तोड 40 फीट नीचे गिरी कार, तीन लोग घायल
अनूपपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्याफलय में कलेक्टर बंगले के पास बुधवार-गुरूवार की रात सोन नदी पुल पर एक तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़कर करीब 40 फीट नीचे गिर गई। हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। कार अनूपपुर से पसला की ओर जा रही थी। गनीमत रही कि कार नदी के किनारे वाले हिस्से में गिरी, जहां करीब 2 फीट पानी का बहाव था। इससे कार का सिर्फ अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। तीनों में से एक को ज्यादा चोट आई थी, लेकिन डॉक्टरों को हैरानी हुई कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद भी किसी को गंभीर चोट नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार एमपी 65 सी 7111 पुल की लगभग 30 फीट लंबी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सोन नदी में जा गिरी। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने नदी किनारे उतरकर तीनों घायलों को बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलाकर गिरी हुई कार को बाहर निकलवाया। कार को थाना परिसर में खड़ा किया गया है। पुलिस ने कुछ समय के लिए पुल पर यातायात भी रोका, जिसे करीब आधे घंटे बाद फिर से शुरू कराया गया।
ये हुए घायल
एसआई कोमल अजरिया ने बताया कि कार में सवार 32 वर्षीय अनुभव शुक्ला, 30 वर्षीय रतनेश शुक्ला और 26 वर्षीय ऋषि तिवारी शराब के नशे में थे। सभी अनूपपुर के जमुडी और सकरा के रहने वाले हैं। घायलों ने हादसे के बारे में कुछ नहीं बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, पुल की टूटी हुई रेलिंग अब वहां से गुजरने वाले यात्रियों के लिए चिंता का विषय बन गई है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री पीके लारिया ने बताया कि रेलिंग की मरम्मत का काम जल्द ही करवा दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

