home page

अनूपपुर: कार ने बाइक को मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट लगी

 | 
अनूपपुर: कार ने बाइक को मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट लगी


अनूपपुर: कार ने बाइक को मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट लगी


अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा चौकी के दैखल गांव के पास राष्ट्रीय राज मार्ग 43 पर मंगलवार की देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 52 साल के रघुवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी अनुसार पुष्पराजगढ़ के लमसराई निवासी रघुवीर सिंह अपनी बाइक से करपा से कोतमा जा रहे थे। उनकी बेटी कोतमा में रहकर कॉलेज की पढ़ाई करती है, जिससे मिलने के लिए वे घर से निकले थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रघुवीर सिंह अपनी बाइक समेत सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे।

हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रघुवीर को फुनगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उनके सिर में गहरी चोट आई थी और काफी खून बह रहा था। साथ ही, सड़क पर घिसटने की वजह से उनके शरीर का एक हिस्सा बुरी तरह छिल गया था।

फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज दिलवाया। प्राथमिक इलाज के बाद थोड़ा ठीक महसूस होने पर रघुवीर अपने किसी परिचित के घर चले गए। पुलिस ने अब कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला