आगरमालवाः हेलमेट अनिवार्यता को लेकर रविवार से शुरू होगा सघन जागरूकता अभियान
आगरमालवा, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट धारण की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा रविवार, 26 अप्रैल से विशेष सघन जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। जिलेभर में 10 मई तक प्रभावी रूप से चलाये जाने वाले अभियान को लेकर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने शनिवार को सभी थाना प्रभारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एसपी ने कहा है कि अभियान के दौरान सख्त प्रवर्तन के साथ सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चालानी कार्रवाई के साथ-साथ पीओएस मशीन के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे जाएंगे, ताकि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त, जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों एवं युवाओं को हेलमेट के महत्व, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाएगा। महिला वाहन चालकों को भी इस अभियान के माध्यम से विशेष रूप से जागरूक करने पर बल दिया जाएगा। वहीं मीडिया एवं सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करते हुए फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य प्लेटफॉर्म पर यातायात सुरक्षा से संबंधित संदेश, लघु वीडियो एवं जागरूकता सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक अभियान का संदेश पहुंच सके।।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

