home page

कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की सुनी जनसमस्याएं

 | 
कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की सुनी जनसमस्याएं


भोपाल, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह एवं मंत्री दिलीप अहिरवार ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। मंत्रीद्वय ने कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान कई समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया, जबकि विस्तृत प्रक्रिया से जुड़े प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंत्री राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली प्रत्येक जनसमस्या को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा। सरकार का प्रयास है कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से निराकरण हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे