कैबिनेट के फैसलों से प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति : जयपाल सिंह चावड़ा
भोपाल, 01 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मंगलवार को हुई मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि लगभग 41 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी और वीबीजी-रामजी योजना के लिए 29,619 करोड़ रुपये के अनुसमर्थन से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन और कौशल विकास समेत प्रत्येक क्षेत्र को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ आमजन और किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
तकनीकी शिक्षा और रोजगार पर जोर
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा को अधिक रोजगारपरक बनाने और विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने के उद्देश्य से भोपाल, जबलपुर और उज्जैन में प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय महत्वपूर्ण है। इससे विद्यार्थियों को समय पर डिग्री प्राप्त करने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
सांची ब्रांड के उन्नयन पर 2,973 करोड़ खर्च
चावड़ा ने कहा कि सरकार किसानों और दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, सहकारी दुग्ध समितियों के विस्तार और सांची ब्रांड को मजबूत करने के लिए आगामी पांच वर्षों में 2,973 करोड़ रुपए खर्च करने का निर्णय लिया गया है।
डेयरी विकास योजना के तहत सहकारी दुग्ध समितियों का विस्तार 7,331 गांवों से बढ़ाकर 26 हजार गांवों तक करने का लक्ष्य है। इससे दुग्ध संकलन क्षमता को 12 लाख किलोग्राम प्रतिदिन से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने में मदद मिलेगी। वहीं दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता को भी 17.8 लाख लीटर से बढ़ाकर 63.3 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ सिंचाई के लिए बिजली सब्सिडी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
सड़क परियोजनाओं से उद्योगों को मिलेगी रफ्तार
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। पश्चिम भोपाल बायपास फोरलेन के लिए 3,774 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति तथा मेहलुआ-बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग के निर्माण के लिए 3,272 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूती देगी।
इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों में मशीनों एवं उपकरणों के अनुरक्षण के लिए 488 करोड़ रुपए और चिकित्सा संस्थानों की विभागीय परिसंपत्तियों के संधारण के लिए 916 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
मूंग उपार्जन और आयुष सेवाओं का भी विस्तार
चावड़ा ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने किसानों से मूंग की उपज का 60 प्रतिशत तक उपार्जन करने के निर्णय को भी मंजूरी दी है। इससे मूंग उत्पादक किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं निवाड़ी, मऊगंज, पांढुर्णा और मैहर में जिला आयुष कार्यालयों के संचालन के लिए 20 पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि मंत्रिपरिषद के ये निर्णय प्रदेश के सर्वांगीण विकास, किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार के अवसरों और मजबूत बुनियादी ढांचे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

