home page

रीवा: ज्वाइनिंग के पहले ही दिन फील्ड में उतरे कलेक्टर, जतरी गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं

 | 
रीवा: ज्वाइनिंग के पहले ही दिन फील्ड में उतरे कलेक्टर, जतरी गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं


रीवा, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में नवागत कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई है। पहले ही दिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे दफ्तर तक सीमित रहने वाले अधिकारी नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास रखते हैं।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कलेक्टर सूर्यवंशी ने सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और तुरंत फील्ड विजिट का निर्णय लिया। इसके बाद वे अधिकारियों की टीम के साथ ट्रैव्हलर वाहन से सीधे डभौरा क्षेत्र के जतरी गांव के लिए रवाना हो गए।

जतरी गांव पहुंचकर कलेक्टर ने सबसे पहले शासकीय स्कूल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई-लिखाई का स्तर परखा और बच्चों से पहाड़े व पाठ भी सुने। इसके साथ ही उन्होंने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया और रसोई की स्थिति देखी।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उनकी आगवानी के लिए पहले से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर मौजूद थे। कलेक्टर ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। काफी देर तक ग्रामीणों के बीच रहकर उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या कहने से वंचित न रह जाए।

कलेक्टर सूर्यवंशी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अब बिना देरी के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उनके इस सक्रिय और जनसरोकार वाली कार्यशैली से यह संकेत मिल रहा है कि जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता देखने को मिल सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी