home page

सागर: पुराने राहतगढ़ बस स्टैंड पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, अवैध रूप से खड़ी बसें जब्त

 | 
सागर: पुराने राहतगढ़ बस स्टैंड पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, अवैध रूप से खड़ी बसें जब्त


सागर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह से सख्त मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को पुराने (बंद हो चुके) राहतगढ़ बस स्टैंड परिसर में अवैध रूप से खड़ी यात्री बसों को जब्त किया है।

दरअसल, शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और बेहतर परिवहन सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने 8 मई 2026 से राहतगढ़ स्थित पुराने बस स्टैंड को पूरी तरह बंद कर दिया था। आदेश के अनुसार, सभी बसों का संचालन नवीन बस स्टैंड मोतीनगर से किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद, कुछ बस संचालकों द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पुराने परिसर का उपयोग बसें खड़ी करने और सवारियां बैठाने के लिए किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर ने तत्काल कार्यवाही के आदेश दिए।

कलेक्टर के आदेश पर प्रशासनिक अधिकारियों और परिवहन विभाग के संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। पुराने स्टैंड पर खड़ी पाई गई बसों को जब्त कर लिया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य शहर के मध्य होने वाले जाम को समाप्त करना और यात्रियों को नए बस स्टैंड की ओर प्रेरित करना है।

कार्यवाही के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कड़े शब्दों में कहा पुराने राहतगढ़ बस स्टैंड से बसों का संचालन अब पूर्णतः प्रतिबंधित है। यात्रियों की सुविधा और सुगम यातायात के लिए मोतीनगर स्थित नवीन बस स्टैंड ही एकमात्र निर्धारित स्थान है। जो भी बस संचालक नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सतत कार्यवाही जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने सभी बस ऑपरेटरों और संचालकों से अपील की है कि वे शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यात्रियों को भी असुविधा से बचने के लिए अब सीधे नवीन बस स्टैंड मोतीनगर पहुँचने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे