home page

उज्जैन-तराना मार्ग पर बस ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत, एक गंभीर

 | 
उज्जैन-तराना मार्ग पर बस ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत, एक गंभीर


-गेहूं की बोवनी के लिए बीज लेने उज्जैन आ रहे थे तीनों, ओवरटेक के दौरान हादसा

उज्जैन, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में तराना-उज्जैन मार्ग पर देवनखेड़ी-भान बड़ोदिया के पास गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर घायल है। घायल को चरक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर इंदौर रेफर किया गया है। घट्टिया पुलिस ने बस जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बिसनखेड़ा निवासी मनोहरलाल पुत्र सुखराम (45), मांगीलाल पुत्र देवीलाल (70) और शंकरलाल पुत्र पन्नाजी (55) एक ही बाइक से उज्जैन आ रहे थे। तीनों को गेहूं की बोवनी के लिए बीज खरीदना था। दोपहर करीब 12 बजे देवनखेड़ी-भान बड़ोदिया के पास तराना से उज्जैन की ओर आ रही आनंद ट्रैवल्स की यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी। ओवरटेक करने के दौरान बस बाइक से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने तीनों घायलों को उज्जैन के चरक अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने मनोहरलाल और मांगीलाल को मृत घोषित कर दिया। शंकरलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने इंदौर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए।

बस में करीब 24 यात्री सवार थे

बताया गया कि हादसे के समय बस में करीब 24 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद बस को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे