home page

(अपडेट) मुरैना में चलते स्कूटर पर चली पिस्टल, दो छात्रों को लगीं 6 गोलियां

 | 
(अपडेट) मुरैना में चलते स्कूटर पर चली पिस्टल, दो छात्रों को लगीं 6 गोलियां


अजाक थाने के सामने फायरिंग से मचा हड़कंप, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर

मुरैना, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित शिक्षा नगर रोड पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अजाक थाने के सामने चलते स्कूटर पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। घटना में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी में इसे आपसी फायरिंग या हमला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि गोली किसी बदमाश ने नहीं चलाई, बल्कि स्कूटर पर ही पिस्टल लोड करते समय अचानक फायरिंग हो गई। घायलों की पहचान राहुल सिकरवार (22) निवासी गोपालपुरा और निखिल तिवारी (22) निवासी पुराना चुंगी नाका के रूप में हुई है। दोनों को तीन-तीन गोलियां लगी हैं। निखिल के कमर में जबकि राहुल के हाथ और पैर में गोलियां लगीं।

पिस्टल कॉक करते समय हुआ हादसा

डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि दोनों युवक स्कूटर से गर्ल्स स्कूल रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने अवैध पिस्टल निकाली और उसे लोड करने लगा। तभी अचानक पिस्टल चल गई और एक के बाद एक कई फायर हो गए। पुलिस के मुताबिक इस्तेमाल किया गया हथियार ऑटोमेटिक पिस्टल था, जिससे लगातार फायर हुए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोली निखिल तिवारी के पास मौजूद अवैध हथियार से चली।

खून से लाल हुई स्कूटी

फायरिंग के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। अधिक खून बहने से स्कूटी पूरी तरह खून से लाल हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शुरुआत में हमले की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन फुटेज में साफ हुआ कि गोली स्कूटर पर ही चली थी। डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि निखिल तिवारी आदतन अपराधी है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि युवकों के पास अवैध हथियार कहां से आया और वे उसे लेकर कहां जा रहे थे। मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा