विदिशा में दुष्कर्म के आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर एक्शन, दो जगह कार्रवाई, सुरक्षा में 150 जवान तैनात
विदिशा, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा में नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों में आरोपिताें से जुड़े दो मकानों पर बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। तोपपुरा में चांद मियां उर्फ चांद खां का तीन मंजिला मकान तोड़ा जा रहा है, जबकि कोतवाली थाना क्षेत्र के खामबाबा में शरद गोस्वामी के मकान का अवैध निर्माण हटाया जा रहा है। दोनों स्थानों पर नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें कार्रवाई कर रही हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 150 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
दरअसल, 14 नवंबर को शहर में नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामले सामने आए थे। घटनाओं के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी थी। इसके बाद प्रशासन ने आरोपियों से जुड़े मकानों और उनके निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच में निर्माण संबंधी अनियमितताएं मिलने के बाद नगर पालिका ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की।
नजूल की जमीन पर निर्माण मिलने पर तोपपुरा में कार्रवाई
तोपपुरा निवासी चांद मियां के तीन मंजिला मकान पर कार्रवाई से पहले नगर पालिका की विशेष साधारण सभा में प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद मकान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। चांद मियां के परिजनों ने प्लॉट की रजिस्ट्री नगर पालिका में पेश की थी, लेकिन भवन निर्माण की अनुमति से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच में मकान नजूल की जमीन पर अवैध रूप से बना पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
नोटिस के बाद भी नहीं मिले निर्माण के वैध दस्तावेज
खामबाबा निवासी शरद गोस्वामी के मकान पर भी नगर पालिका की टीम कार्रवाई कर रही है। नगर पालिका ने 13 से 16 नवंबर के बीच शरद के परिजनों को नोटिस जारी कर मकान के भू-स्वामित्व और निर्माण अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे थे। इसके बाद अंतिम नोटिस भी चस्पा किया गया, लेकिन निर्धारित समय में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दोनों मकानों पर कार्रवाई के लिए अलग-अलग दल गठित किए गए थे। ध्वस्तीकरण के लिए पोकलेन मशीन किराए पर ली गई है। कार्रवाई का खर्च भी संबंधित पक्षों से वसूलने की बात कही गई है।
एक आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
इधर, दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी राकेश अहिरवार को कोतवाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। दुर्जनपुरा निवासी 19 वर्षीय राकेश को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे फरार आरोपी शरद गोस्वामी और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी के संबंध में पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। मामलों की जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया गया है। पुलिस शरद की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
तीसरे आरोपी की संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच
दुष्कर्म के तीसरे मामले में आरोपी विशाल किरार से जुड़ी संपत्तियों की भी नगर पालिका जांच कर रही है। अशोकनगर रोड स्थित मल्टी में उसके मकान और अन्य संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। निर्माण में अनियमितता या अवैध हिस्सा पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए 150 जवानों की तैनाती
दोनों स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जिले के पुलिस बल के साथ बाहर से भी करीब 150 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। एसपी रोहित काशवानी ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों या अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

